अवैध पोस्टर-बैनर लगाने वालों पर मनपा की सख्ती....
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 26, 2026
- 158 views
आयुक्त के आदेश पर शहरभर में विशेष अभियान, बड़ी संख्या में फ्लेक्स हटाए गए
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए जा रहे पोस्टर, बैनर, फ्लेक्स और होर्डिंग्स के खिलाफ मनपा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। महानगरपालिका आयुक्त अनमोल सागर के निर्देश पर शहर भर में विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों से अवैध प्रचार सामग्री हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है,मनपा प्रशासन के अनुसार शहर के सार्वजनिक रास्तों, पदपथों, उड़ान पुलों, चौक-चौराहों, शासकीय तथा महानगरपालिका संपत्तियों के साथ ही निजी परिसरों पर भी मालिक की अनुमति के बिना बड़े पैमाने पर पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे थे। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था।आयुक्त के आदेशानुसार प्रभाग समिति क्रमांक 1 से 5 के सहायक आयुक्तों तथा पदनिर्देशित अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 42 अनधिकृत पोस्टर तथा 138 अवैध बैनर और फ्लेक्स हटाए गए, जबकि एक मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मनपा आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की विशेष जांच और हटाने की कार्रवाई अब प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से की जाएगी। साथ ही जिन अवैध बैनरों पर संस्था, राजनीतिक दल, आयोजक, प्रायोजक अथवा प्रिंटिंग एजेंसी का नाम अंकित होगा, उनकी जिम्मेदारी तय कर महाराष्ट्र मालमत्ता विद्रूपीकरण प्रतिबंधक अधिनियम 1995 के तहत सीधे आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।पालिका प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि हटाए गए पोस्टर व बैनरों का पंचनामा तैयार कर कार्रवाई में होने वाला पूरा खर्च संबंधित व्यक्ति या संस्था से वसूला जाए। मनपा की इस कार्रवाई के बाद शहर में बिना अनुमति लगाए जाने वाले बैनरों पर नियंत्रण लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


रिपोर्टर