शिक्षा और समाज सेवा की मिसाल: नूतन पांडेय को मिला “गार्गी क्वीन” सम्मा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 09, 2026
- 3 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डिहरीआनसोन रोहतास।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित गार्गी नारीशक्ति सम्मेलन–2026 में समाज सेवा, शिक्षा के प्रसार तथा महिलाओं को प्रेरित करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट और निस्वार्थ योगदान के लिए रोहतास जिले की शिक्षिका एवं समाजसेवी नूतन पांडेय को “गार्गी क्वीन” के प्रतिष्ठित खिताब से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें आईपीएस अधिकारी विकास वैभव के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
नूतन पांडेय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिलौथू (रोहतास) में शिक्षिका हैं और साथ ही लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत गार्गी अध्याय की जिला मुख्य समन्वयक के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में सैकड़ों जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है तथा समाज में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश लगातार फैलाया जा रहा है।
इस अवसर पर नूतन पांडेय ने प्रीति बाला जी के नेतृत्व और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका मार्गदर्शन और प्रेरणा महिलाओं के आत्मविश्वास को नई दिशा देता है। साथ ही उन्होंने आईपीएस विकास वैभव जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा चलाया जा रहा “लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान समाज में शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायक आंदोलन बन चुका है।
गौरतलब है कि नूतन पांडेय को हाल ही में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा उनके सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त हैदराबाद और बेंगलुरु में भी उन्हें “गार्गी उत्कृष्टता सम्मान" से नवाजा जा चुका है।
वहीं जिले में अभिनय कला संगम द्वारा भी नूतन पांडेय को उनके सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान के लिए “सोन गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम के अंत में नूतन पांडेय ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ समाज और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।


रिपोर्टर