चार प्रवासी श्रमिकों की मौत पर 25 लाख मुआवजा और सख्त कार्रवाई की मांग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 09, 2026
- 3 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी/रोहतास। गुजरात के सूरत स्थित पंडेसरा औद्योगिक क्षेत्र की एक साड़ी रंगाई मिल में अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (EPT) के भूमिगत केमिकल टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से बिहार के रोहतास जिले के चार प्रवासी श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतकों में शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधारियाईया निवासी सोनू पासवान, करहगर थाना क्षेत्र के धोधिहन निवासी अंकित पासवान, कोचस थाना क्षेत्र के कपासिया निवासी संदीप कुमार तथा अमरेंद्र पासवान शामिल हैं। रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्य में काम करने गए इन गरीब श्रमिकों की असामयिक मृत्यु ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
मानवाधिकार कार्यकर्ता संतोष उपाध्याय ने इस घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों में खतरनाक रसायनों से जुड़े कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है। यदि मजदूरों को सुरक्षा उपकरण, ऑक्सीजन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सावधानियां उपलब्ध कराई जातीं, तो संभवतः इन चारों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रथम दृष्टया फैक्ट्री प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
उन्होंने गुजरात सरकार और सूरत जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी फैक्ट्री मालिक और प्रबंधन के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक श्रमिकों के परिजनों को कम से कम 25 लाख रुपये प्रति व्यक्ति मुआवजा, एक आश्रित को रोजगार तथा पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संतोष उपाध्याय ने बिहार सरकार से भी आग्रह किया है कि प्रवासी श्रमिकों के परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ा हुआ जाए। उन्होंने कहा कि इस गंभीर घटना की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी भेजी जाएगी, ताकि प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रभावी हस्तक्षेप हो सके।
उन्होंने कहा कि देश के निर्माण और औद्योगिक विकास में प्रवासी श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए उनकी सुरक्षा, सम्मान और जीवन की रक्षा सुनिश्चित करना सरकारों और उद्योग प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


रिपोर्टर