घने कोहरे के कारण ट्रेन की चपेट में आए दो सगे भाई, दर्दनाक मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 10, 2026
- 73 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर :- जिले में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन और मुठानी स्टेशन के बीच, बरेज गांव के समीप डीएफसी रेलवे ट्रैक पर घने कोहरे के कारण ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव निवासी मदन साह के पुत्र प्रिंस कुमार (24 वर्ष) और रोहित कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरेज गांव में रेलवे लाइन के एक तरफ ग्रामीणों की बस्ती है और दूसरी तरफ उनके खेत हैं। इस वजह से प्रतिदिन किसानों और ग्रामीणों का रेलवे ट्रैक पार करके आना-जाना लगा रहता है। मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे प्रिंस और रोहित भी अपने खेत को देखने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घना कोहरा होने के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे दोनों भाई डीएफसी ट्रैक पर आ रही ट्रेन को नहीं देख पाए और उसकी चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना जैसे ही गांव में फैली, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की जानकारी तुरंत आरपीएफ (RPF) और मोहनिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मोहनिया पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। जवां बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे लाइन के दोनों तरफ गांव और खेत बंटे होने के कारण हर दिन जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से पुरजोर मांग की है कि यहां जल्द से जल्द एक अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।


रिपोर्टर