भगवानपुर पुलिस ने 20.380 लीटर शराब के साथ एक महिला तस्कर एवं एक शराबी सहित दो को किया गिरफ्तार


अनुमंडल संवाददाता सिंगासन सिंह यादव की रिपोर्ट





कैमूर (भगवानपुर) - भभुआ अनुमंडल क्षेत्र के भगवानपुर पुलिस ने शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब के नशे में पत्नी और बच्चे के साथ मारपीट करने वाले एक व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बीती रात भगवानपुर थाना क्षेत्र के खीरी गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कुंती देवी, उम्र लगभग 30 वर्ष, पति रविंद्र सिंह, के घर से कुल 20.380 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ही कुंती देवी को गिरफ्तार कर लिया।


थाना अध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और महिला के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। इसी दौरान भगवानपुर थाना क्षेत्र के तोड़ी गांव से एक और मामला सामने आया। यहां कमलेश राम नामक व्यक्ति को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि कमलेश राम की पत्नी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति शराब पीकर अक्सर घर में हंगामा करता है और उसके साथ-साथ बच्चों के साथ भी मारपीट करता है।पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमलेश राम को हिरासत में लिया। पुलिस ने जब उसकी जांच की तो वह शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच के लिए भेजा। मेडिकल जांच के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को भभुआ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट