मोहनिया कोर्ट परिसर के पास बेकाबू गाय ने अधिवक्ता को 15 मीटर तक घसीटा, गंभीर रूप से घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 11, 2026
- 43 views
सुरक्षा को लेकर वकीलों में आक्रोश
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:- मोहनिया अनुमंडल सिविल कोर्ट के पास बुधवार को एक अनियंत्रित गाय ने अधिवक्ता को बुरी तरह घसीटकर घायल कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के सदस्य और सिविल कोर्ट भभुआ व मोहनिया में नियमित वकालत करने वाले अधिवक्ता अमन कुमार सिंह बुधवार (11 मार्च 2026) को दोपहर करीब 3:30 बजे अपना काम निपटाकर मोहनिया कोर्ट के बगल में स्थित भभुआ के अधिवक्ताओं के शेड से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान सिंचाई विभाग कचहरी के गेट के सामने एक गाय गले में लंबी रस्सी (पगहा) लटकाए हुए तेजी से दौड़ती आई। दुर्भाग्यवश गाय के गले की रस्सी अधिवक्ता अमन कुमार सिंह के पैर में फंस गई, जिसके बाद बेकाबू गाय उन्हें करीब 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
इस भीषण हादसे में अधिवक्ता का कोट-पेंट फट गया और उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें मोहनिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद वे मोहनिया स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस घटना को लेकर वकीलों में स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के प्रति गहरा रोष है।
जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य मंटू पाण्डेय ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कोर्ट परिसर के आसपास स्थानीय लोग अपने पशुओं (गाय, भैंस, बकरी) को दिनभर खुला छोड़ देते हैं, जिससे आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहनिया नगर परिषद ऐसे लापरवाह पशुपालकों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। पाण्डेय ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कैमूर) श्री अनुराग जी और मोहनिया अनुमंडल सिविल कोर्ट के सब-जज प्रथम से करबद्ध आग्रह किया है कि कोर्ट परिसर के दोनों तरफ सुरक्षा गेट लगवाया जाए, ताकि पशुओं का प्रवेश रुक सके और भविष्य में किसी अन्य अधिवक्ता या आमजन के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो। उन्होंने ईश्वर से अधिवक्ता अमन कुमार सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।


रिपोर्टर