सीडीओ व सीएमओ ने दिखाई हरी झंडी, 1 से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष अभियान
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Apr 01, 2026
- 17 views
आज़मगढ़ । विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (01 से 30 अप्रैल 2026) के शुभारंभ पर सोमवार को विकास भवन से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया नर्सिंग छात्राओं के नेतृत्व में निकली इस रैली में “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है — संचारी रोगों को हराना है” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। रैली जीजीआईसी स्कूल, रैदोपुर, काली जी का चौराहा, एलवल होते हुए जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर समाप्त हुई, जहां अधीक्षक डॉ. विनय यादव ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा मार्ग में सुचारु व्यवस्था बनाए रखी गई।रैली के साथ प्रचार-प्रसार वाहन, एंबुलेंस सेवा एवं नगरपालिका का कूड़ा वाहन भी शामिल रहा, जिससे लोगों को स्वच्छता और रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ/नोडल वेक्टर बॉर्न डिजीज डॉ. अविनाश झा, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अब्दुल अजीज, जिला मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर सभी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता अपनाने की शपथ ली।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि यह अभियान अंतर्विभागीय समन्वय से संचालित किया जा रहा है, जिसमें नगर निकाय, पंचायती राज, शिक्षा एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय भागीदारी है। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व दिमागी बुखार से बचाव की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वच्छता बनाए रखें, जल जमाव न होने दें और बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।


रिपोर्टर