आधी रात को दरवाजा पीटते हैं बदमाश, दहशत में परिवार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 01, 2026
- 1 views
भिवंडी। भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन क्षेत्र के चाविंद्रा गांव स्थित नूरी नगर डोंगर पाडा में एक छोटे व्यापारी का परिवार पिछले एक महीने से खौफ के साए में जीने को मजबूर है। आरोप है कि स्थानीय बदमाश आधी रात को घर का दरवाजा पीटकर न केवल दहशत फैलाते हैं, बल्कि जान से मारने की धमकी भी देते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से पीड़ित परिवार में दहशत में है।पीड़ित अनस साऊद आलम शेख, जो कपड़ा व्यवसाय से जुड़े हैं, ने पुलिस को बताया कि पड़ोसियों के साथ नाली सफाई को लेकर हुए छोटे से विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। आरोप है कि गुड्डू भंगारी, गोलू भंगारी, हंजला, इरफान, जैद और समीर समेत कुछ अन्य लोग इस रंजिश को लेकर लगातार उनके परिवार को निशाना बना रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, आरोपी रोजाना देर रात नशे की हालत में घर के बाहर पहुंचकर दरवाजा पीटते हैं, गाली-गलौज करते हैं और बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इस कारण परिवार के छोटे-छोटे बच्चे भी सहमे हुए हैं और रातभर डर के माहौल में गुजर रही है।अनस शेख का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। इससे बदमाशों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। पीडित परिवार का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें इस भय के माहौल से राहत मिल सके।


रिपोर्टर