मंदिर चोरी में 6 अपराधी गिरफ्तार, पिघली हुई चांदी व जेवरात बरामद


रोहतास ।जिले के संझौली थाना क्षेत्र में महावीर मंदिर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस कांड में शामिल गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।

बताया जाता है कि दिनांक 21 मार्च 2026 की रात जिगनी गांव स्थित महावीर मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखे कीमती सामानों की चोरी कर ली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बिक्रमगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें संझौली थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की टीम को शामिल किया गया।

तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 5 अप्रैल 2026 को बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र से रितेश पांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में रितेश ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस चोरी में कुल 8 लोग शामिल थे, जिन्होंने मंदिर से चोरी किए गए जेवरात बक्सर के आथर बाजार के एक सोनार को बेच दिए थे।

रितेश की निशानदेही पर पुलिस ने आथर बाजार में छापेमारी कर सोनार विष्णु कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब एक किलो पिघली हुई चांदी (बिस्किट के रूप में) और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। इनमें रमेन्द्र यादव उर्फ मेदर यादव (घुनसारी), किसान यादव और नन्दजी राम (मनहथा), तथा मो. मकबुल कुरैसी (क्वाथ, दावथ) शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट