CEIR पोर्टल का कमाल, भिवंडी पुलिस ने 70 गुम मोबाइल किए बरामद, 15.68 लाख का माल रिकवर

भिवंडी। भिवंडी पुलिस ने तकनीक के दम पर बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की रिकवरी में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। जोन-2 पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से 70 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख 68 हजार 800 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज प्रॉपर्टी मिसिंग मामलों की जांच के दौरान CEIR पोर्टल का उपयोग किया गया। तकनीकी निगरानी और ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें सफलतापूर्वक रिकवर किया गया।थाना-वार कार्रवाई में शांतिनगर पुलिस ने सबसे ज्यादा 20 मोबाइल बरामद किए, जबकि भिवंडी शहर पुलिस ने 18, निजामपुरा पुलिस ने 17, भोईवाड़ा पुलिस ने 8 और नारपोली पुलिस ने 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने में बेहद कारगर साबित हो रहा है। इस सिस्टम के जरिए न सिर्फ मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया जा सकता है, बल्कि उसे ब्लॉक कर दुरुपयोग से भी बचाया जा सकता है।इस कार्रवाई से जहां एक ओर मोबाइल चोरी के मामलों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर गुम हुए फोन वापस मिलने से नागरिकों को बड़ी राहत मिली है। भिवंडी जोन-2 पुलिस की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट