भिवंडी कांग्रेस में घमासान, ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत नया अध्यक्ष तय करने दिल्ली से पहुंचे प्रभारी

भिवंडी। भिवंडी में कांग्रेस संगठन के भीतर मची हलचल अब खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के “संगठन सृजन अभियान” के तहत बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है और इसी कड़ी में हरियाणा के मेवात से चर्चित विधायक मामन खान को भिवंडी का प्रभारी बनाकर भेजा गया है। उनके दौरे ने स्थानीय कांग्रेस राजनीति को गर्मा दिया है।

प्रभारी मामन खान ने भिवंडी कांग्रेस कार्यालय में तीन दिनों तक डेरा डालकर पुराने और नए नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन की स्थिति, गुटबाजी और संभावित नेतृत्व को लेकर फीडबैक लिया। भिवंडी पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं भी की गईं, हालांकि इन्हें लेकर अंदरखाने “औपचारिकता” निभाने की चर्चा भी रही। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भिवंडी शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा अध्यक्ष सहित कुल 16 दावेदार सामने आए हैं। यह संख्या खुद पार्टी के भीतर चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि हाल के मनपा चुनाव में कांग्रेस के खाते में महज 6 सीटें आई थीं। बैठकों के दौरान कई पुराने विवाद भी उभरकर सामने आए। खासतौर पर मनपा चुनाव के दौरान एक अन्य पार्टी के विधायक द्वारा कथित तौर पर बी-फॉर्म बांटे जाने का मुद्दा गरमाया रहा। इसके अलावा वर्तमान अध्यक्ष की कार्यशैली और विफलता को लेकर भी नेताओं ने खुलकर नाराजगी जताई। चौंकाने वाली बात यह रही कि कांग्रेस कार्यालय में ऐसे चेहरे भी नजर आए, जो हालिया चुनाव में दूसरे दलों के लिए प्रचार करते दिखे थे। वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष, युवक कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैसे कई पदाधिकारी पार्टी छोड़कर दूसरे दलों से चुनाव लड़ चुके हैं, जिससे संगठन की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब प्रभारी मामन खान अपनी रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान को सौंपेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर भिवंडी में नए शहर अध्यक्ष के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भिवंडी कांग्रेस में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट