मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे उद्घाटन से पहले ही भीषण हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 12, 2026
- 105 views
भिवंडी । मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे, जिसका अभी आधिकारिक तौर पर उद्घाटन होना बाकी है, खूनी साबित होने लगा है। शनिवार रात इस मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित हो जाने से हुए भीषण हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा भिवंडी तालुका के पुंडास-खांडपे गांव की सीमा में हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे एक कार वड़पे की ओर तेज गति से आ रही थी। अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार ने सड़क पर जा रहे दो दुपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार शरद पाटिल (उम्र 52 वर्ष) निवासी पारिवली, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि भिवंडी के वड़पे से शुरू होने वाले इस मुंबई-वडोदरा महामार्ग का काम अभी पूरा नहीं हुआ है और न ही इसे जनता के लिए आधिकारिक रूप से खोला गया है। इसके बावजूद, वड़पे से शिरसाठ फाटा तक कई वाहन चालक अवैध रूप से इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। रात के अंधेरे और अधूरे सुरक्षा इंतजामों के बीच इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार जानलेवा साबित हो रही है। घटना की सूचना मिलते ही गणेशपुरी पुलिस स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्टर