ट्रांसपोर्ट के दौरान लाखों का केमिकल पाउडर गायब

भिवंडी। शहर में ट्रांसपोर्ट के दौरान महंगे केमिकल पाउडर की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नारपोली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वडाला निवासी व्यापारी निमेष नानक केसवानी (45) ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने देहरादून स्थित एक फर्म को भेजने के लिए भिवंडी के राहनाल इलाके से ट्रांसपोर्ट के जरिए करीब 2025 किलो का ‘Amprolium HCL’ नामक केमिकल पाउडर भेजा था। इस माल की कुल कीमत लगभग 44.75 लाख रुपये बताई जा रही है। शिकायत में बताया गया है कि माल को सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए ट्रांसपोर्ट कंपनी को सौंपा गया था। लेकिन रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने चालाकी से ड्रम खोलकर उसमें से असली केमिकल पाउडर निकाल लिया और उसकी जगह दूसरी पाउडर सामग्री भर दी। यह पूरा मामला बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे पहली नजर में किसी को शक नहीं हुआ। घटना 5 जनवरी से 3 फरवरी के बीच ट्रांजिट के दौरान हुई बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी 25 अप्रैल को सामने आई। इसकी सूचना मिलने के बाद व्यापारी को धोखाधड़ी का पता चला।फिलहाल नारपोली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अपहार का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी कर रहे हैं और ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट