केमिकल गोदाम में भीषण आग, धुएं के गुबार से दहशत
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 21, 2026
- 162 views
भिवंडी। भिवंडी तालुका के खाड़ीपार इलाके में स्थित मूलचंद कंपाउंड में मंगलवार को एक ऑयल और केमिकल गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया और आसमान में काले धुएं के घने गुबार छा गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में केमिकल और ऑयल का कच्चा माल रखा हुआ था। अचानक आग भड़कने के बाद ज्वलनशील पदार्थों के कारण लपटों ने विकराल रूप ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हालांकि आग की भयावहता को देखते हुए और दमकल वाहनों को भी बुलाने की तैयारी की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखे सामान के पूरी तरह जल जाने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, प्रशासन की ओर से आसपास के इलाके में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।


रिपोर्टर