गर्मी तथा लू से निपटने हेतु जिलास्तरीय बैठक आयोजित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 24, 2026
- 35 views
रोहतास। जिला पदाधिकारी,उदिता सिंह की अध्यक्षता में हीटवेव से निपटने हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक हुई,जिसमें सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी,मुखिया,जनप्रतिनिधि, नगर विभाग,लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित प्रखंड-स्तर के वरीय प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को हीटवेव से बचाव एवं राहत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। विशेष रूप से नल जल योजना के कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया गया,ताकि किसी भी वार्ड में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो।
साथ ही,नगर क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल हेतु प्याऊ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, खराब पड़े चापाकलों को अविलम्ब मरम्मत कराने तथा सभी पीएचसी एवं सीएचसी में हीटवेव से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु विशेष वार्ड के सुचारू संचालन का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि गर्मी के मौसम में जलापूर्ति सुचारू रूप से बनाये रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही,पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा वहाँ के निवासियों को पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने जिले के आम-अवाम से अपील किया है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानियाँ बरती जाय और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दी जाय।


रिपोर्टर