जन चौपाल में गूंजी योजनाओं की बात, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य ने किया जागरूक
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Apr 26, 2026
- 54 views
आजमगढ़। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य मा० सत्येन्द्र कुमार बारी (बीनू) ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान विकासखंड बिलरियागंज के ग्राम भगतपुर में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।जन चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर यह जानने का प्रयास किया कि योजनाओं की जानकारी उन तक पहुंच रही है या नहीं तथा उन्हें योजनाओं का लाभ मिल पा रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, जिसके लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।मा० सदस्य ने आगामी जनगणना को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 7 मई से 21 मई तक नागरिक मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं, जबकि 22 मई से 20 जून तक जनगणना के एचएलओ कार्य में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सही जानकारी ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होती है।भ्रमण के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाया जाए।इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर