दुर्गावती नदी में दो सूटकेस से मिले मानव शरीर के अंग, इलाके में सनसनी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 10, 2026
- 122 views
कैमूर ब्यूरो चीफ संदिप कुमार के साथ रूपेश दुबे कि रिपोर्ट
दो शव होने की आशंका, मौके पर पहुंचे एसपी बोले- जांच जारी
रामगढ़ (कैमूर):-- जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दुर्गावती नदी में रविवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी किनारे पड़े दो सूटकेस से मानव शरीर के अलग-अलग अंग बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया तथा जांच शुरू कर दी। वहीं साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र करने में जुटी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गावती नदी किनारे पड़े दो सूटकेस से मानव शरीर के अलग-अलग अंग बरामद हुए हैं। शव के टुकड़ों की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि यह एक नहीं बल्कि दो लोगों के शव हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटनास्थल पर पहुंचे कैमूर एसपी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने बताया कि सूटकेस से शरीर के कई अलग-अलग पार्ट मिले हैं। जांच और वैज्ञानिक परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शव कितने लोगों के हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इसे सुनियोजित हत्या से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन करने के साथ-साथ शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


रिपोर्टर