भिवंडी मनपा के निशाने पर एग्जॉस्ट फैन, कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित

भिवंडी। भिवंडी मनपा प्रशासन ने सड़क किनारे लगे एग्जॉस्ट फैन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शहर में होटल, चाइनीज़ सेंटर, फास्ट फूड दुकानों और हाथगाड़ियों पर लगाए गए एग्जॉस्ट पंखों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने दुकानदारों से कहा है कि एग्जॉस्ट फैन की जगह चिमनी लगाई जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। मनपा प्रशासन के अनुसार शहर के कई इलाकों में छोटे-बड़े होटल, चाइनीज़ सेंटर और खाद्य विक्रेताओं द्वारा सड़क की ओर एग्जॉस्ट पंखे लगाए गए हैं। इन पंखों से निकलने वाला तीखा धुआं, गैस और गर्म हवा सीधे सड़क पर फैलती है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई लोगों ने आँखों में जलन, चुभन, पानी आने और कुछ समय के लिए दृश्यता कम होने जैसी शिकायतें की हैं। प्रशासन का कहना है कि इस कारण सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं।

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मनपा ने ऐसे एग्जॉस्ट फैन हटाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाएगी और सड़क की ओर लगे एग्जॉस्ट फैन हटाने के साथ संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई भी करेगी। मनपा प्रशासन ने सभी होटल संचालकों, फास्ट फूड विक्रेताओं और दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से एग्जॉस्ट फैन हटाकर चिमनी लगाएं और प्रशासन का सहयोग करें। चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट