कैमूर किसान यूनियन ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को ई-मेल के माध्यम से भेजा पत्र, किसानों के लिए ढैंचा बीज उपलब्ध कराने की मांग
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 21, 2026
- 14 views
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- भभुआं कैमूर किसान यूनियन की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर राज्य के किसानों को हरित खाद हेतु ढैंचा (Dhaincha) बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई है। यह पत्र कैमूर किसान यूनियन के संस्थापक सदस्य पंकज कुमार राय द्वारा भेजा गया है।
अपने पत्र में पंकज राय ने कहा है कि वर्तमान समय में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार प्राकृतिक कृषि अपनाने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की बात कर रहे हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक अस्थिरता के कारण रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में कहा गया है कि यदि बिहार सरकार किसानों को हरित खाद के रूप में ढैंचा बीज उपलब्ध कराए, तो इससे खेती की लागत कम होगी तथा भूमि की उर्वरता बढ़ेगी। ढैंचा फसल मिट्टी में जैविक तत्वों की मात्रा बढ़ाने और रासायनिक खाद की आवश्यकता कम करने में सहायक मानी जाती है। इससे पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
कैमूर किसान यूनियन ने मांग की है कि राज्य सरकार पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर किसानों को ढैंचा बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था करे तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए। यूनियन का कहना है कि इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और बिहार में टिकाऊ कृषि व्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
पत्र के अंत में पंकज कुमार राय ने किसानों के हित में सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।


रिपोर्टर