कुदरा नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति का गठन पूरा, तीन सदस्यों को मिला जनप्रतिनिधियों का भरोसा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 30, 2026
- 109 views
शांतिपूर्ण चुनाव के बाद नव निर्वाचित सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट
कैमूर--- जिला अंतर्गत कुदरा नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए शनिवार को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चुनाव संपन्न होने के बाद समिति को तीन नए सदस्य मिले, जिन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने का संकल्प व्यक्त किया।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत निर्धारित तीन पदों के लिए मतदान कराया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव पदाधिकारी द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार अरुण कुमार पाल, दीपा देवी एवं वंदना कुमारी सशक्त स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए। मतदान में अरुण कुमार पाल को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि दीपा देवी एवं वंदना कुमारी को 8-8 मत मिले।
वहीं अन्य प्रत्याशियों में दूधनाथ राम और सुनील कुमार सिंह को 7-7 मत प्राप्त हुए, जबकि सुरेंद्र राम को 6 मत मिले। मतगणना एवं परिणाम घोषणा के बाद निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न घोषित किया गया।
चुनाव उपरांत सभी निर्वाचित सदस्यों को विधिवत निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ भी ग्रहण कराई गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षदों समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नव निर्वाचित सदस्यों ने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने, जनसमस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने तथा पारदर्शी कार्यशैली अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के रिक्त पदों पर चुनाव संपन्न होने के बाद स्थानीय प्रशासनिक कार्यों एवं विकास योजनाओं के संचालन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद व्यक्त की कि नई समिति नगर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।


रिपोर्टर