धुरिया जाति प्रमाण पत्र मामले की विधानसभा समिति ने की समीक्षा, अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jun 09, 2026
- 4 views
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विधानसभा की संसदीय अनुश्रवण समिति 2025-26 की उप समिति ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धुरिया जाति के प्रमाण पत्रों से जुड़े मामलों की समीक्षा की। समिति के संयोजक आशीष कुमार सिंह ‘आशु’ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के सदस्य अभय सिंह, नफीस अहमद तथा जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मौजूद रहे।
बैठक में धुरिया जाति के व्यक्तियों को पूर्व में जारी अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्रों के सत्यापन और शासनादेश के अनुरूप उनके परीक्षण पर चर्चा की गई। समिति ने गोंड, धुरिया और कहार उपजाति के प्रतिनिधियों से उपलब्ध अभिलेख, वंशावली एवं अन्य प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा, ताकि पात्र व्यक्तियों के मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया जा सके।
प्रतिनिधियों ने समिति के समक्ष अपने पक्ष और प्रमाण पत्र जारी किए जाने से संबंधित तथ्यों को विस्तार से रखा। समिति ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच और न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का परीक्षण कर पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों के संबंध में शासनादेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में संयुक्त सचिव नीरज कुमार सचान, अनुभाग अधिकारी अंकिता त्रिपाठी, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, उपजिलाधिकारी मार्टीनगंज अविनाश कुमार, तहसीलदार मार्टीनगंज, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर