मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को अगले 10 दिनों में सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करें - अभय वर्मा
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jun 12, 2026
- 4 views
राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर गंभीर, लक्ष्य आधारित कार्य सुनिश्चित करें
कलेक्टर डॉ. मिश्रा की अध्यक्षता एवं स्थानीय निर्वाचन के प्रेक्षक, सेवानिवृत्त आईएएस श्री वर्मा की उपस्थिति में समीक्षा बैठक संपन्न
राजगढ़ । स्थानीय निकाय एवं पंचायत निर्वाचन हेतु मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण - 2026 के संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने की। इस अवसर पर स्थानीय निर्वाचन के प्रेक्षक एवं सेवानिवृत्त आईएएस श्री अभय वर्मा उपस्थित रहे। बैठक में जिले की सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रेक्षक श्री वर्मा के समक्ष प्रस्तुत की गई। अधिकारियों द्वारा जिले की पंचायतों, नगरीय निकायों, मतदान केन्द्रों तथा मतदाताओं की संख्या संबंधी जानकारी के साथ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति से अवगत कराया गया।
समीक्षा के दौरान प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन, दावे-आपत्तियों की प्राप्ति एवं निराकरण, फोटोयुक्त मतदाता सूची के प्रकाशन तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की समय-सीमा संबंधी कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण हेतु मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ऐसे मतदाताओं का भी सत्यापन कराया जा रहा है जिनके नाम स्थानीय निकाय अथवा पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।
प्रेक्षक एवं सेवानिवृत्त आईएएस श्री वर्मा ने कहा कि आगामी 10 दिनों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग इस पूरी प्रक्रिया को लेकर अत्यंत गंभीर है तथा सभी अधिकारी लक्ष्य आधारित कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में ठोस प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक स्तर पर परिणाम दिखाई देने चाहिए। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रेक्षक श्री वर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतनकरण एक महत्वपूर्ण निर्वाचन दायित्व है। इसके लिए अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर घर-घर सत्यापन, दावे-आपत्तियों के निराकरण, दोहरी प्रविष्टियों के विलोपन तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को गति दें, जिससे जिले की मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन तैयार की जा सके। बैठक में नवविवाहित महिलाओं, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं तथा अन्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया एवं निर्धारित तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों का विलोपन सुनिश्चित किया जाए, जिससे निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूती मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते सुधार लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घर-घर सत्यापन, दावे-आपत्तियों के निराकरण तथा नाम जोड़ने एवं हटाने की प्रक्रिया को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि नवविवाहित महिलाओं, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा मतदाताओं एवं अन्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी गतिविधियां पूर्ण की जाएं, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय रूप में तैयार हो सके और आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायत निर्वाचन निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराए जा सकें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर श्री विरेन्द्र सिंह दांगी, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज सहित संबंधित पंजीकरण अधिकारी, निर्वाचन शाखा के अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर