प्रसव से पहले मलबे में दबकर गर्भवती की मौत, टूटा उम्मीदों का घर

निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत, पूरे गांव में मातम

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के केवढ़ी गांव से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर नौ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। सबसे दुखद बात यह है कि महिला का प्रसव एक-दो दिनों के भीतर होने वाला था। जिस घर में नए मेहमान के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है-

कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवढ़ी गांव में शुक्रवार को एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव निवासी नंदू कुमार पाल की 22 वर्षीय पत्नी रंजू कुमारी अपने घर में खाना बना रही थीं। बताया जाता है कि इसी दौरान निर्माणाधीन मकान का छज्जा और छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। छत का भारी मलबा सीधे रंजू देवी पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मलबे में दब गईं।घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने जोरदार आवाज सुनी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जब रंजू देवी को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस हादसे में न केवल एक गर्भवती महिला की जान गई, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे मासूम की जिंदगी भी हमेशा के लिए खत्म हो गई।

परिजनों के अनुसार, रंजू देवी का प्रसव अगले एक-दो दिनों में होने वाला था। परिवार नए मेहमान के आगमन की खुशियों की तैयारी में जुटा था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। जिस घर में बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है नंदू कुमार पाल, मृतका के पति

"मेरी पत्नी रंजू देवी घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान छत का छज्जा गिर गया। वह मलबे में दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।"

घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कुदरा थाना अध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छत गिरने से महिला की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट