नगर पंचायत रामपुरा में सड़क किनारे से हटाया गया अतिक्रमण, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

रामपुर (जौनपुर)। नगर पंचायत रामपुर में सोमवार को प्रशासन ने सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए और अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।

अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह तथा रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। प्रशासनिक टीम ने मुख्य मार्गों का निरीक्षण करते हुए दुकानों के बाहर रखे सामान, ठेले एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवाए। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी के चलते अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर नगर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने कहा कि चेतावनी के बावजूद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक तारकेश्वर राय, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, लेखपाल विपिन यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, रतन बहादुर यादव, मनीष शुक्ला सहित नगर पंचायत, राजस्व विभाग एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए कहा कि यदि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलते रहे तो नगर में अतिक्रमण की समस्या कम होगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट