मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना में रोहतास के तीन धाम


रोहतास। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से "मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना-2026" लागू की गयीहै। इस योजना के तहत रोहतास सहित राज्य के चिन्हित पर्यटन स्थलों पर स्थानीय नागरिक अपने घरों को होमस्टे के रूप में विकसित कर पर्यटकों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध करा सकेंगे। इससे एक ओर पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव मिलेगा,वही दूसरी ओर ग्रामीण एवं पर्यटन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आय में भी वृद्धि होगी। इस योजना के तहत रोहतास जिले के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों शेरशाह सूरी का मकबरा,मांझर कुंड और धुआं कुंड को शामिल किया गया है,जिसके बाद अब इन स्थलों के पाँच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अपने घरों को होमस्टे के रूप में विकसित कर योजना का लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा पंजीकरण शुरू हो चुका है। योजना के तहत अपने घर को होमस्टे के रूप में विकसित करने वाले लाभार्थियों को अधिकतम चार कमरों के लिए 10 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। वही महिलाओं,स्वयं सहायता समूहों और 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रति कमरा 25 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलेगी। इस प्रकार उन्हें अधिकतम 11 लाख रुपये तक का लाभ प्राप्त हो सकेगा। इसके लिए जमीन और घर के दस्तावेज देने होंगे। इसके अलावा आधार कार्ड,पैन कार्ड,बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी। सरकारी कर्मचारी और कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स के अलावा कोई भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकता है। योजना में स्वच्छता,सुरक्षित आवास,पेयजल, शौचालय,बिजली,प्राथमिक उपचार सहित पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। पर्यटन विभाग द्वारा होमस्टे संचालकों को प्रशिक्षण, पंजीकरण,गुणवत्ता मानकों के पालन तथा प्रचार-प्रसार में भी सहयोग प्रदान किया जायेगा। विभागीय पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत होमस्टे की जानकारी देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुँचायी जायेगी,जिससे स्थानीय संचालकों को अधिक संख्या में पर्यटक मिलने की संभावना बढ़ेगी। जिला प्रशासन ने इच्छुक नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक व्यक्ति विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट