अवर निरीक्षक मघ निषेध के पद पर 25 परीक्षा केंद्र पर 12 को होगी कदाचार मुक्त परीक्षा


रोहतास।बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध के पद पर चयन हेतु लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 12 जुलाई 2026 को रोहतास जिले में एकल पाली में किया जाएगा। परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार ने समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सभी केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक कर ब्रीफिंग की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर कुल 12,120 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी, जबकि 10:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।


परीक्षा जिले के एसपी जैन कॉलेज सासाराम, उच्च माध्यमिक+2 विद्यालय रामेश्वरगंज सासाराम, शेरशाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय अड्डा रोड सासाराम, श्री शंकर महाविद्यालय तकिया सासाराम, बुद्धा मिशन स्कूल जगदेव पथ नूरनगंज सासाराम, रमा जैन बालिका उच्च माध्यमिक(+2) विद्यालय धर्मशाला रोड सासाराम, अवधूत भगवान राम कॉलेज सासाराम, संत माईकल एकेडमी सासाराम, प्रज्ञा निकेतन पब्लिक स्कूल बेदा सासाराम, जीएस रेजिडेंसियल पब्लिक स्कूल मलवार रोड सासाराम, स्वामी शिवानंद जी तीर्थ कॉलेज सासाराम, उत्क्रमित हाई स्कूल बेलाढी सासाराम, एबीआर फाउंडेशन स्कूल सासाराम, ऑक्सफोर्ड कॉन्वेंट स्कूल बैजला सासाराम, शेरशाह कॉलेज लालगंज सासाराम, स्कॉटिश सेंट्रल स्कूल लालगंज सासाराम, बाल विकास विद्यालय सासाराम, प्लस टू हाई स्कूल चौखंडी पथ सासाराम, रोहतास महिला महाविद्यालय सासाराम, ईश्वर चंद्र विद्यासागर एकेडमी सासाराम, संत अन्ना स्कूल बुढ़न सासाराम, मॉडल स्कूल डालमियानगर, रमा रानी जैन गर्ल्स हाई+2 स्कूल डेहरी, महिला कॉलेज डालमियानगर एवं आरएसके पब्लिक स्कूल बस्तीपुर डेहरी परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।


जिला पदाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को मुख्य प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के उपरांत ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षार्थी के पास प्रवेश पत्र की स्पष्ट प्रति एवं आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड अथवा विद्यार्थी पहचान पत्र जैसे किसी एक वैध फोटो पहचान पत्र का होना अनिवार्य है।


उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, आभूषण, धातु सामग्री, इरेजर, व्हाइटनर, ब्लेड अथवा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे मामलों में आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।


जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में केवल उन्हीं पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रवेश की अनुमति होगी, जिनकी विधिवत प्रतिनियुक्ति संबंधित केंद्र पर की गई है। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी। साथ ही परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।


परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए श्री ललित भूषण रंजन, अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी को परीक्षा संयोजक के सहयोग एवं समन्वय हेतु प्रतिनियुक्त किया गया है।


परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना एवं समन्वय के लिए समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06184-226072 एवं 06184-226093 निर्धारित किए गए हैं। उप विकास आयुक्त श्री विजय कुमार पांडेय नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी रहेंगे।


जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम एवं डेहरी को निर्देश दिया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दिन प्रातः 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 प्रभावी रूप से लागू कराना सुनिश्चित करें। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटो कॉपी की दुकानों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद रखने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता पूरी तरह बरकरार रहे।


बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट