पाली रेलवे ओवरब्रिज को जल्द चालू कराने की मांग, डीएम ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 18, 2026
- 4 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।डेहरी शहर को पटना सहित आसपास के क्षेत्रों से जोड़ने वाला पाली रेलवे ओवरब्रिज पिछले लगभग चार वर्षों से मरम्मत कार्य के नाम पर कच्छप गति से चल रहा है। लंबे समय से पुल बंद रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई निर्माण एजेंसियां और कंपनियां कार्य के लिए आईं, लेकिन अब तक ओवरब्रिज की समुचित मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है।
इसी मुद्दे को लेकर डेहरी विधिक संघ के पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पांडे उर्फ मुटुर पांडे ने डीएम दीपक कुमार मिश्रा से मुलाकात कर पाली रेलवे ओवरब्रिज को शीघ्र चालू कराने की मांग उठाई। उन्होंने जिलाधिकारी को उनके कार्यालय में बुके देकर स्वागत किया।
श्री पांडे ने बताया कि पुल बंद रहने के कारण डालमियानगर, मकराइन, हुड़का तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रेलवे लाइन के नीचे बने रास्ते से आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। चार पहिया वाहनों को पाली रोड के बजाय जवाहर सेतु के समीप बने डायवर्सन से होकर उबड़-खाबड़ एवं पथरीले मार्ग से मकराइन रेलवे कॉलोनी होते हुए गुजरना पड़ रहा है। इससे गंभीर मरीजों, छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
श्री पांडे की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने आश्वासन दिया कि पाली रेलवे ओवरब्रिज को जल्द से जल्द परिचालन में लाने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक एवं प्रभावी निर्देश दिए जाएंगे, ताकि जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज के निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े प्रस्तावों में कई बार तकनीकी बदलाव किए गए हैं। अब पुल के व्यापक पुनर्निर्माण की दिशा में कार्ययोजना तैयार की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
पाली रेलवे ओवरब्रिज के शीघ्र चालू होने की उम्मीद में डेहरी तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों में सकारात्मक माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन की पहल से यह कार्य जल्द पूरा हो जाता है तो वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।


रिपोर्टर