30.91 लाख की ई-स्टाम्प राशि गबन, दो पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटरों पर प्राथमिकी


रोहतास। सासाराम निबंधन कार्यालय में संचालित ई-स्टाम्प बिक्री की करीब 30.91 लाख रुपये की राशि में हेराफेरी का मामला सामने आया है। मामले में दी सासाराम-भभुआ सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के दो पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटरों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


बैंक के सहायक प्रबंधक मंजय कुमार सिंह के आवेदन के अनुसार, 1 फरवरी से 12 जून 2026 के बीच 5,80,475,314 रुपये के ई-स्टाम्प की बिक्री हुई, जबकि बैंक खाते में 5,77,383,631 रुपये ही जमा किए गए। जांच में 30,91,683 रुपये की राशि बैंक में जमा नहीं कर गबन किए जाने की पुष्टि हुई।


आरोपितों की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी अनिल कुमार पांडेय और डेहरी निवासी विक्की कश्यप के रूप में हुई है। नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


बैंक के प्रबंध निदेशक नयन प्रकाश ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट