प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 115 गर्भवती महिलाओं की हुई प्रसव पूर्व जांच

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)---- प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत सोमवार, 10 अगस्त 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती में विशेष प्रसव पूर्व जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 115 गर्भवती महिलाओं (प्रसव लाभार्थियों) की प्रसव पूर्व जांच की गई। इस दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच करते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।

जांच के दौरान कुल 5 गर्भवती महिलाओं में प्रसव संबंधी जटिलताओं की पहचान की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा समय रहते इन जटिलताओं को चिन्हित कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया, ताकि गर्भवती महिलाओं को संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाया जा सके।

शिविर में शामिल सभी लाभार्थियों का ब्लड प्रेशर, रक्त जांच, वजन, हाइट सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के आधार पर गर्भवती महिलाओं को उनके स्वास्थ्य एवं आवश्यकता के अनुरूप चिकित्सकीय सलाह दी गई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संगीता सिन्हा के द्वारा जांच के उपरांत गर्भवती महिलाओं को प्रकृति एवं आवश्यकता के अनुसार कैल्शियम, आयरन तथा अन्य आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, पौष्टिक आहार, दवाओं के नियमित सेवन तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।

चिकित्सकों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार किया जा सके तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिले।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकों द्वारा दी गई सलाह का पालन करने के लिए जागरूक किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट