जल नल की पाइप लीकेज से पानी की सप्लाई ठप, पेयजल के लिए भटक रहे ग्रामीण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 11, 2026
- 5 views
दुर्गावती प्रखंड के मसौदा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 10 का मामला, ग्रामीणों ने अधिकारियों से पाइप की मरम्मत कराने की लगाई गुहार
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)----- स्थानीय प्रखंड अंतर्गत मसौदा पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित मसौदा गांव में जल नल योजना की पाइप में लीकेज के कारण पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित है। पानी की आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी में पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
इस संबंध में परिवर्तन चेतना मंच की सदस्य एवं मसौदा गांव निवासी ब्यूटी सिंह ने बताया कि गांव में काफी दिनों से जल नल की सप्लाई बंद थी। इसकी जानकारी परिवर्तन चेतना मंच की ओर से पीएचडी विभाग सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन लंबे समय तक समस्या के समाधान के लिए कोई पहल नहीं की गई।
काफी प्रयास के बाद एक दिन पूर्व पीएचडी विभाग और परिवर्तन चेतना मंच के सहयोग से जल नल की मरम्मत कराई गई। जांच के दौरान पाइप में कई जगह लीकेज पाए गए थे, जिसके कारण पानी की सप्लाई बंद थी। हालांकि, मरम्मत के बाद भी कुछ स्थानों पर पाइप में लीकेज की समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब संबंधित कर्मियों से शेष लीकेज को ठीक कराने की बात कही गई तो उनके द्वारा बताया गया कि काम पूरा हो चुका है। सोमवार की देर शाम तक पाइप की मरम्मत के लिए कोई मिस्त्री मौके पर नहीं पहुंचा। इसके कारण गांव में जल नल की सप्लाई अभी भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने बताया कि जल नल की सप्लाई बंद रहने के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को पानी की व्यवस्था के लिए दूर-दराज के स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
ब्यूटी सिंह ने जिलाधिकारी, कैमूर एवं बिहार सरकार के मुख्यमंत्री से मीडिया के माध्यम से गुहार लगाते हुए मांग की है कि मसौदा गांव में जल नल की पाइप में हुए लीकेज की शीघ्र मरम्मत कराकर पानी की सप्लाई पूरी तरह बहाल कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल के लिए दर-दर भटकना न पड़े।


रिपोर्टर