ट्रक में बने गुप्त तहखाने से 4815 लीटर शराब बरामद, चालक-सहचालक गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 11, 2026
- 28 views
पंजाब से बिहार लाई जा रही थी 70 से 75 लाख रुपये की शराब, बोतलों के बैच नंबर भी मिटाए
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
कैमूर:-- दिल्ली-कोलकाता हाईवे स्थित समेकित जांच चौकी के उत्पाद चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 14 चक्का ट्रक से करीब 4815 लीटर शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 70 से 75 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग के अनुसार, यूपी की ओर से आ रहे ट्रक संख्या PB13B8166 की जांच के दौरान वाहन में सड़े हुए गोबर जैसी खाद के बीच लोहे का गुप्त तहखाना बनाया हुआ मिला। इसी तहखाने में शराब की बड़ी खेप छिपाकर बिहार लाई जा रही थी। तलाशी के दौरान तहखाना खोलने पर उसमें शराब की बोतलें बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार और विकास कुमार, दोनों निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में शराब की खेप पंजाब से बिहार लाए जाने की जानकारी सामने आई है। उत्पाद विभाग के मुताबिक, तस्करों ने शराब की पहचान छिपाने और कारोबारियों तक खेप पहुंचाने से पहले बोतलों पर दर्ज बैच नंबर भी मिटा दिए थे। उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उक्त ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें लोहे का गुप्त तहखाना बनाकर छिपाई गई करीब 4815 लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 70 से 75 लाख रुपये है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है।


रिपोर्टर