पंचायतों में स्थापित विधिक सहायता क्लिनिक के सुचारु एवं प्रभावी संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 09, 2026
- 2 views
शिवहर ----- शिवहर जिले की सभी 53 पंचायतों में स्थापित विधिक सहायता क्लिनिक के सुचारु संचालन को लेकर बैठक आयोजित
नालसा, नई दिल्ली तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के सचिव ललन कुमार रजक की अध्यक्षता में प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी शिवहर तथा प्रतिनियुक्त किए गए अधिकार मित्र के साथ जिले की सभी 53 पंचायतों में स्थापित विधिक सहायता क्लिनिक के सुचारु एवं प्रभावी संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर स्थापित विधिक सहायता क्लिनिक के माध्यम से आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उनके बीच विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। इसके अंतर्गत ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी विधिक सहायता योजनाओं तथा न्याय तक सुलभ पहुँचाने के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में पंचायत स्तर पर विधिक सहायता क्लिनिक के नियमित संचालन, आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता से जोड़ने तथा विधिक सेवा गतिविधियों को प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर पंचायत स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकार की गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता का लाभ पहुँचाने की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर बल दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर का उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को उसके विधिक अधिकारों की जानकारी मिले तथा आर्थिक अथवा सामाजिक कठिनाइयों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे।


रिपोर्टर