डीएम ने छठ घाट का किया निरीक्षण


रोहतास।आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र द्वारा सासाराम के बेदा बस स्टैंड के समीप छठ घाट तालाब एवं बेदा पश्चिमी नहर घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम,सिंचाई विभाग के अभियंता,विशेष कार्य पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त एवं संबंधित पदाधिकारियों को बेदा पश्चिमी नहर घाट तक पहुँचने वाले मार्ग का चौड़ीकरण कराने तथा समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया,ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान एवं आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालु इस पर्व को पूर्ण श्रद्धा,स्वच्छता एवं सुरक्षा के साथ मनायें। उन्होंने जिले के सभी छठ घाटों,पहुँच मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन साफ-सफाई कराने तथा नगर निकाय एवं पंचायत-स्तर पर विशेष सफाई टीम गठित करने का निर्देश दिया। घाटों के आसपास पर्याप्त डस्टबिन रखने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत,गड्ढों की भराई एवं फिसलन वाले स्थानों पर रेत और मिट्टी डालने का निर्देश दिया गया। वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों की सहायता के लिए विशेष सहायता काउंटर बनाने तथा सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए स्थायी एवं अस्थायी एलईडी लाइट लगाने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत वज्रवाहक पुलिस वाहन,लाइफ जैकेट एवं रेस्क्यू बोट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही घाटों पर 24 घंटे सक्रिय निगरानी बूथ एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी बात कही गयी,ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियाँ पूरी करने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट