डीएम ने दीपावली एवं छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला अग्निशमन कार्यालय की समीक्षा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 04, 2026
- 2 views
रोहतास जिले में 23 अग्निशामक वाहन तैनात, शहरी क्षेत्रों से लेकर सुदूरवर्ती गांवों तक चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
छठ घाटों, पशुशालाओं एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखे नहीं जलाने की अपील
सासाराम। जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर जिला अग्निशमन कार्यालय की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अग्निशमन विभाग की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों, अग्निशामक वाहनों की उपलब्धता, आपातकालीन व्यवस्था तथा आमजनों के बीच चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दोनों पर्वों के दौरान अगलगी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा सभी अग्निशामक वाहन एवं कर्मी चौबीसों घंटे आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
जिले में 23 अग्निशामक वाहन उपलब्ध
समीक्षा के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्री अनिल वर्मा ने बताया कि रोहतास जिले में वर्तमान में कुल 23 अग्निशामक वाहन उपलब्ध हैं। इनमें छह बड़े अग्निशामक वाहन तथा 17 छोटे आधुनिक तकनीक से युक्त अग्निशामक वाहन शामिल हैं। सभी वाहनों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहा जागरूकता अभियान
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूरवर्ती गांवों में भी लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पंपलेट वितरण एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आग से बचाव तथा सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने के उपाय बताए जा रहे हैं।
आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि पटाखे हमेशा खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। छोटे बच्चों को पटाखों से दूर रखें तथा उन्हें अकेले पटाखे न जलाने दें। पशुशालाओं एवं मवेशियों के बाड़ों के आसपास पटाखे बिल्कुल न जलाएं, क्योंकि ऐसे स्थानों पर घास-फूस एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री रहने के कारण आग लगने की आशंका अधिक रहती है। इससे पशुओं एवं संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
छठ घाटों पर पटाखे जलाने से बचें, दीपक जलाते समय बरतें विशेष सावधानी
छठ महापर्व के दौरान भी अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में पटाखे जलाने से आग लगने तथा लोगों के घायल होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए छठ घाटों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की गई है।
विभाग द्वारा श्रद्धालुओं को यह भी जागरूक किया जा रहा है कि छठ पूजा के दौरान गन्ने के साथ साड़ी बांधकर उसके नीचे दीपक जलाते समय विशेष सावधानी बरतें। दीपक को ज्वलनशील कपड़ों एवं अन्य सामग्री से सुरक्षित दूरी पर रखें। रातभर जलने वाले दीपक की नियमित निगरानी करें तथा उसे जलता हुआ छोड़कर न जाएं। छोटी-सी लापरवाही से साड़ी अथवा आसपास की सामग्री में आग लग सकती है, जिससे घरों में अगलगी की घटना हो सकती है।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मॉक ड्रिल का आयोजन
अग्निशमन विभाग द्वारा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में मॉक ड्रिल आयोजित कर विद्यार्थियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके, सुरक्षित निकासी, अग्निशामक यंत्रों के उपयोग तथा तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी दी जा रही है।
पटाखा दुकानों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही की जानी चाहिए। गैर-लाइसेंसी पटाखा दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई एवं उन्हें बंद कराने के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है।
लाइसेंस प्राप्त पटाखा दुकानदारों को अपनी दुकानों में कम से कम दो पानी से भरे ड्रम, अग्निशामक यंत्र तथा कंबल रखने का निर्देश दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आग पर नियंत्रण पाया जा सके। दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
आपातकालीन स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
अग्निशमन विभाग द्वारा आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न अग्निशमनालयों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं।
सासाराम अग्निशमनालय: 7485805924 एवं 7485805925
डेहरी अग्निशमनालय: 7485805928 एवं 7485805929
विक्रमगंज अग्निशमनालय: 7485805926 एवं 748580592 आपातकालीन सहायता नंबर: 101 एवं 112
अग्निकांड अथवा किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर अग्निशमन विभाग की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्री अनिल वर्मा ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य अगलगी की घटनाओं पर नियंत्रण करने के साथ-साथ ऐसी घटनाओं को घटित होने से रोकना भी है। इसी उद्देश्य से जिले में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने निर्देश दिया कि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अग्निशमन वाहन एवं कर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहें तथा किसी भी आपातकालीन सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि पर्वों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी सावधानियों का पालन करें।


रिपोर्टर