रामपुर प्रखंड के बड़का गांव में 7.5 एकड़ के ऐतिहासिक सरोवर की हुई दुर्दशा, 5 साल से मनरेगा में एस्टीमेट नहीं बना, अब छठ को लेकर मुखिया ने कराई सफाई
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 11, 2026
- 51 views
संवाददाता सूचित पाण्डेय की रिपोर्ट
रामपुर (कैमूर)---- रामपुर प्रखंड के बड़का गांव पंचायत का सबसे बड़ा सरोवर, जिसका वाटर कैचमेंट एरिया 7.5 एकड़ है, प्रशासन की लापरवाही और अनदेखी के कारण पूरी तरह बर्बाद हो चुका है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पोखरा कभी पूरे पंचायत की पहचान था। इसी पोखरे से सिंचाई, मछली पालन और छठ जैसे महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी थी। लेकिन पिछले कई वर्षों से इसमें गाद, जलकुंभी और कचरा भरता चला गया और विभाग ने आंखें मूंद ली।
मुखिया का आरोप - 3 साल से एस्टीमेट के लिए दौड़ रहे हैं
बड़का गांव पंचायत के मुखिया अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि पिछले 3 साल से लगातार* इस पोखरे की सफाई और जीर्णोद्धार के लिए मनरेगा में एस्टीमेट बनाने की मांग की जा रही है।
मुखिया ने कहा, "हम 5 साल से कह रहे हैं, लिखित में भी दिया। लेकिन विभाग घोर अनदेखी कर रहा है। मनरेगा में इतना भ्रष्टाचार है कि जहां काम नहीं है वहां एस्टीमेट बन जाता है, और जहां सच में काम है वहां फाइल आगे ही नहीं बढ़ती।"
छठ को लेकर मुखिया ने उठाया बीड़ा
छठ महापर्व नजदीक आते ही जब पोखरे की हालत देखी नहीं गई, तो मुखिया अमरेंद्र कुमार पांडे ने खुद आगे आकर पोखरे की सफाई शुरू करा दी है।
सोमवार से जेसीबी और मजदूरों के साथ पोखरे से जलकुंभी और गाद निकाली जा रही है। घाट की सफाई, रास्ते की मरम्मत और पानी के स्तर को ठीक करने का काम चल रहा है, ताकि छठ व्रती आराम से अर्घ्य दे सकें।
मुखिया ने कहा, "छठ में हमारी माताएं-बहनें इसी पोखरे पर अर्घ्य देती हैं। अगर पोखरा गंदा रहेगा तो हमारी आस्था का क्या होगा? विभाग नहीं करेगा तो हम अपने दम पर करेंगे।"


रिपोर्टर