छठ पूजा की तैयारियों को लेकर नगर पंचायत रामपुर घाट का हुआ निरीक्षण

अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था का लिया जायजा, कर्मचारियों को समय से सभी इंतजाम पूरे करने के दिए निर्देश

रामपुर (जौनपुर)। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत रामपुर प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं एवं व्रती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन की ओर से छठ घाट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने छठ घाट का निरीक्षण कर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने घाट परिसर की स्वच्छता, आने-जाने वाले रास्तों, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले घाटों की बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। घाट तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त रखने के साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है। इस पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में नगर पंचायत की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर किया जाए।

इस दौरान थानाध्यक्ष रमेश कुमार एवं वरिष्ठ लिपिक मनीष मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने छठ महापर्व को देखते हुए आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट