कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जिला पुरातत्व संग्रहालय में छायाचित्र प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 14, 2026
- 59 views
सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस पर 14 से 16 नवम्बर तक आयोजित होगी तीन दिवसीय निःशुल्क प्रदर्शनी
राजगढ़ । यूनेस्को के तत्वावधान में प्रतिवर्ष 14 नवम्बर को मनाए जाने वाले सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला पुरातत्व संग्रहालय राजगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती निधि भारद्वाज उपस्थित रहीं। प्रदर्शनी का आयोजन 14 से 16 नवम्बर, 2026 तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातःकाल से शाम 5 बजे तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। इसमें प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों एवं पुरातात्विक महत्व की संपदा के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर आमजन से अपील की गई है कि वे जिला पुरातत्व संग्रहालय पहुंचकर इस छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहभागी बनें।


रिपोर्टर