छठ पूजा के दौरान सुरक्षा को लेकर विद्युत विभाग की व्यापक तैयारी, घाटों के समीप विद्युत खंभों को प्लास्टिक से ढकने का कार्य जारी


रोहतास।लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत आपूर्ति अंचल, सासाराम द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका को रोकने तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


इसी क्रम में छठ घाटों के समीप स्थित विद्युत खंभों को प्लास्टिक से ढकने का कार्य कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत खंभों, तारों तथा अन्य विद्युत संरचनाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। विभागीय कर्मियों द्वारा संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।


पर्व के दौरान छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुचारु एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे। विद्युत शक्ति उपकेंद्रों, ट्रांसफॉर्मरों एवं विद्युत लाइनों की निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके। साथ ही संबंधित अभियंताओं एवं मानवबल को विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी विद्युत समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।


इस संबंध में विद्युत अधीक्षण अभियंता, सासाराम ई. इंद्रदेव कुमार ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए घाटों के समीप विद्युत खंभों को प्लास्टिक से ढकने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी क्षेत्रों में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।


उन्होंने आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील गयी है की वे विद्युत खंभों, तारों, ट्रांसफॉर्मरों एवं अन्य विद्युत उपकरणों से उचित दूरी बनाए रखें। विद्युत खंभों पर लगे तारों को न छुएं और न ही उनके समीप किसी प्रकार की सजावट या अस्थायी संरचना लगाएं। यदि कहीं विद्युत तार टूटकर गिरा हुआ दिखाई दे अथवा किसी विद्युत उपकरण में खराबी नजर आए, तो उससे दूर रहें तथा तत्काल विद्युत विभाग को सूचित करें। किसी भी परिस्थिति में टूटे हुए विद्युत तार को स्वयं छूने या हटाने का प्रयास न करें। विद्युत आपूर्ति अंचल, सासाराम छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट