विशेष सर्वेक्षण कार्य की जिलाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा, दिसंबर माह तक 70 प्रतिशत किस्तवार कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 17, 2026
- 2 views
रोहतास।जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले में संचालित विशेष सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बंदोबस्त पदाधिकारी श्री नवीन कुमार उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न सर्वेक्षण शिविरों के अंतर्गत चल रहे विशेष सर्वेक्षण कार्यों की अद्यतन स्थिति, ग्राम सीमा सत्यापन, प्रपत्र-5 की प्रविष्टि, किस्तवार, खानापुरी तथा प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-07 (एलपीएम) से संबंधित कार्यों की प्रगति की शिविरवार समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तुत द्वितीय चरण के प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार रोहतास जिले में कुल 19 सर्वेक्षण शिविरों के अंतर्गत 1,960 मौजों में विशेष सर्वेक्षण का कार्य संचालित है। इसके लिए कुल 363 अमीनों की संख्या प्रतिवेदित है। अब तक सभी 1,960 मौजों का सीमांकन एवं ग्राम सीमा सत्यापन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
प्रपत्र-5 की स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 1,960 मौजों में से 1,930 मौजों में प्रपत्र-5 का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 30 मौजों में यह कार्य लंबित है।
इसी प्रकार किस्तवार कार्य के अंतर्गत कुल 761 मौजों में कार्य पूर्ण किया गया है, जो कुल मौजों का 38.83 प्रतिशत है। खानापुरी कार्य के अंतर्गत 49 मौजों में कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। वहीं, प्रपत्र-6 की प्रविष्टि पूर्ण होने के बावजूद 11 मौजों में एलपीएम वितरण लंबित है तथा अब तक 5 मौजों में प्रपत्र-07 (एलपीएम) प्रकाशित किया गया है।
दिसंबर माह तक 70 प्रतिशत किस्तवार कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने विशेष सर्वेक्षण कार्य की प्रगति में तेजी लाने के लिए स्पष्ट निर्देश दिया कि दिसंबर माह तक जिले में कम-से-कम 70 प्रतिशत किस्तवार कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। इसके साथ ही किस्तवार कार्य की प्रगति के अनुरूप ही खानापुरी का कार्य भी समानुपातिक रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि सर्वेक्षण के सभी चरणों में अपेक्षित प्रगति बनी रहे।
जिलाधिकारी ने इस लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने तथा कार्य में अनावश्यक शिथिलता बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविरवार प्रगति की समीक्षा में सूर्यपुरा शिविर में किस्तवार कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सासाराम, रोहतास, राजपुर, नोखा, तिलौथू, बिक्रमगंज सहित अन्य शिविरों में भी किए गए कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बंदोबस्त पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सर्वेक्षण शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष सर्वेक्षण का उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। अतः सर्वेक्षण कार्य में पूर्ण सावधानी एवं शुद्धता बरती जाए, ताकि रैयतों के भूमि संबंधी अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि या अनावश्यक परेशानी की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा विशेष सर्वेक्षण कार्य की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जा रहा है। दिसंबर माह तक 70 प्रतिशत किस्तवार कार्य पूर्ण करने एवं उसी अनुपात में खानापुरी कार्य को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ सभी संबंधित पदाधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया है।


रिपोर्टर