डीएम की अध्यक्षता में मतस्य विभाग का बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 17, 2026
- 2 views
रोहतास।समाहरणालय, रोहतास में जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मत्स्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं मत्स्य विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मत्स्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। इसमें मत्स्य पालकों का प्रशिक्षण, भ्रमण-दर्शन कार्यक्रम, उन्नत मत्स्य बीज की उपलब्धता एवं वितरण, ट्यूबवेल एवं पम्पसेट अधिष्ठापन, यांत्रिक एरेटर अधिष्ठापन तथा पठारी क्षेत्र में तालाब निर्माण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिले में फ्रेश फिश वेंडिंग की स्थापना को लेकर भी चर्चा की गई। इस संबंध में जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को फ्रेश फिश वेंडिंग की स्थापना हेतु 15×15 फीट का उपयुक्त भूमि स्थल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इससे मत्स्य उत्पादों की बिक्री एवं विपणन के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित हो सकेगी। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।


रिपोर्टर