अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी बाइक, दो युवक गंभीर घायल
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 17, 2026
- 10 views
निगोह-मियाचक मार्ग पर शाम को हुआ हादसा, पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के अचानक नगर निगोह-मियाचक मार्ग पर मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे युवक को कोई चोट नहीं आई। घायलों की पहचान नितिन गौतम (20 वर्ष) निवासी देहुआ, रामपुर तथा सतीश पटेल (18 वर्ष) निवासी साहूपट्टी, मड़ियाहूं के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे उस पर सवार दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक पर सवार तीसरा युवक बाल-बाल बच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था कराई।


रिपोर्टर