पीएम की जनसभा का रोहतास समाहरणालय में सुना देखा गया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 21, 2026
- 3 views
रोहतास। जिले में आधारभूत संरचना के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैशाली जिले से नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य तथा ऊर्जा विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर रोहतास जिले से संबंधित कार्यक्रम समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री राजा राम सिंह, माननीय सांसद श्री मनोज कुमार, माननीय विधान पार्षद श्रीमती निवेदिता सिंह, माननीय विधान पार्षद श्री संतोष कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राज सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय पदाधिकारी, लाभार्थी एवं लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोहतास जिले के आठ नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया गया। इनमें मलाव, गंज भड़सरा, मांगरांव, अमियावर, कैथी, पोखराहा, गोरधनपुर एवं किरही शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र का निर्माण लगभग 42.84 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से लगभग 3,000 से 5,000 की आबादी को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रोहतास जिले के शहरी स्थानीय निकायों में कुल 13,698 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 5,378 पूर्ण आवासों में से 10 लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से गृह प्रवेश हेतु चाबी प्रदान की गई। यह पहल पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद क्षेत्र में 33.30 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित जलापूर्ति परियोजना का शिलान्यास किया गया। बुडको द्वारा संचालित इस परियोजना से शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ऊर्जा विभाग के तहत सासाराम सदर अस्पताल एवं धनकाढ़ा में दो नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही लॉस रिडक्शन परियोजना के अंतर्गत 9 फीडर सेग्रीगेशन, 7 फीडर बाइफरकेशन, 60 नए डीटीआर की स्थापना तथा 58 किलोमीटर केबलिंग का कार्य पूरा किया गया। इन कार्यों पर कुल 72.88 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। इन परियोजनाओं से विद्युत वितरण प्रणाली की क्षमता बढ़ेगी, लो-वोल्टेज एवं तकनीकी हानि में कमी आएगी तथा बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार होगा। कृषि फीडरों के विस्तार से किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य, आवास, पेयजल एवं विद्युत क्षेत्र की इन योजनाओं से रोहतास जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाने की दिशा में ये योजनाएं महत्वपूर्ण साबित होंगी।


रिपोर्टर