मोहनियां में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रुपये रिश्वत लेते नगर पंचायत के जेई रंगे हाथ गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:--- कैमूर जिले के मोहनियां नगर पंचायत में निगरानी विभाग (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत के कनीय अभियंता (जेई) राजेश प्रजापति को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद नगर पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कनीय अभियंता राजेश प्रजापति पर किसी सरकारी कार्य के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही जेई ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत की रकम ली, पहले से मौके पर तैनात निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई, जहां पूछताछ के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विजिलेंस की इस कार्रवाई से नगर पंचायत सहित आसपास के सरकारी महकमों में भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मुद्दे को सुर्खियों में ला दिया है।

फिलहाल निगरानी विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पूछताछ के बाद और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट