कुदरा में बंद घर का ताला तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी, दो बेटियों की शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 29, 2026
- 11 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- कुदरा थाना क्षेत्र में बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के समय मोहम्मद जुमराती सिद्दीकी अपनी गंभीर रूप से बीमार पत्नी का इलाज कराने टाटा (झारखंड) गए हुए थे। करीब एक महीने बाद रविवार की सुबह जब वे घर लौटे तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और बारी-बारी से सभी कमरों का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। पीड़ित के अनुसार घर में रखे 20 हजार रुपये नकद, सोने की दो जोड़ी कान की बालियां, नए बर्तन और दो महंगे कंबल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई।
सबसे दुखद बात यह है कि पीड़ित के घर में दो बेटियों की शादी की तैयारी चल रही थी। उन्होंने अपनी बेटियों की शादी के लिए सामान और रुपये संजोकर रखे थे, लेकिन चोरों ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। एक तरफ पत्नी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, तो दूसरी तरफ घर में हुई चोरी ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और जांच में जुट गई। इस संबंध में कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि मोहम्मद जुमराती सिद्दीकी करीब एक महीने से इलाज कराने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरी की घटना हुई है। पुलिस जांच के लिए गई है। अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर