दहेज की आग में बुझ गई नीलकमल की जिंदगी;नदी किनारे जलने वाला था शव, ऐन वक्त पर पहुंची तरियानी पुलिस
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 29, 2026
- 12 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर ----- जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर कोठिया वार्ड नंबर-4 में दहेज को लेकर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की पहचान कोठिया निवासी छोटन कुमार की पत्नी नीलकमल कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात महिला के साथ दर्दनाक घटना हुई। इसके बाद रविवार की सुबह परिजन शव को जलाने के लिए नदी किनारे ले गए थे। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर तरियानी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ नदी किनारे पहुंचे और शव को जलाने की प्रक्रिया रुकवाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी है।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला के साथ घटना हुई है और उसके शव को जलाया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने पर मामला सही पाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच कर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


रिपोर्टर