निगोह-रामपुर सड़क को लेकर जज सिंह अन्ना का चक्का जाम, तीन घंटे तक गरमाया माहौल
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 29, 2026
- 12 views
सैकड़ों ग्रामीणों के साथ किया धरना-प्रदर्शन, सात दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का अधिकारियों ने दिया आश्वासन
निगोह (जौनपुर)। निगोह-रामपुर मार्ग की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर ठेकेदार के गायब होने से नाराज सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना ने रविवार को परियत तिराहे पर सैकड़ों ग्रामीणों के साथ जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। दोपहर एक बजे से शुरू हुआ आंदोलन शाम चार बजे तक चला। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच काफी गहमागहमी देखने को मिली। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश रहा।
जज सिंह अन्ना की प्रमुख मांग थी कि 24 घंटे के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए तथा निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर गायब हुए ठेकेदार के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन अन्ना अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी देर तक चली बातचीत के बाद शाम चार बजे नायब तहसीलदार एसपी सिंह, पीडब्ल्यूडी के एई आरके द्विवेदी और जेई धर्मेंद्र ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। अधिकारियों ने सात दिनों के भीतर निगोह से रामपुर मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही। आंदोलन के दौरान उठाए गए मामले को पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने भी संज्ञान में लिया।
जज सिंह अन्ना का आरोप है कि करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का ठेका लेने वाले ठेकेदार ध्रुव सिंह ने लगभग चार महीने पहले करीब 50 प्रतिशत कार्य कराने के बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया और मौके से गायब हो गया। इसके बाद से सड़क की हालत लगातार बदतर होती चली गई। मार्ग पर जगह-जगह बिखरी गिट्टियों से वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अन्ना के मुताबिक, अब तक इस मार्ग पर 11 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क पर फैली गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहनों के पहिए फिसलने से हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने से लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। अब देखना यह है कि अधिकारियों द्वारा दिए गए सात दिनों के आश्वासन के बाद सड़क निर्माण कार्य वास्तव में शुरू होता है या ग्रामीणों को फिर आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ता है।


रिपोर्टर