अधेड़ की कुल्हाड़ी से काट निर्मम हत्या

इलाहाबाद । कुल्हाड़ी व लाठी के हमले से मरणासन्न अधेड़ की इलाज के दौरान इलाहाबाद में मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर फतनपुर पुलिस ने गांव के 11 लोगों के खिलाफ हत्या सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सभी आरोपित फरार हैं।

पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।फतनपुर थाना क्षेत्र के परमा का पूरा केवरा कला निवासी दुर्गा प्रसाद दुबे (53) और गांव के राजेन्द्र मिश्र के बीच जमीन का विवाद है। इसी विवाद में दोनों पक्षों में कई बार मारपीट हो चुकी है। दुर्गा प्रसाद दुबे शुक्रवार देर शाम सब्जी लाने बाइक से केवराकला बाजार गए थे। आरोप है कि वहां घात लगाकर बैठे राजेन्द्र मिश्र, दुर्गा प्रसाद मिश्र, शैलेश व संगम समेत 11 लोगों ने कुल्हाड़ी, भाला व लाठी से हमला कर मरणासन्न कर दिया। नाजुक हालत में इलाहाबाद में उनका इलाज चल रहा था। वहां आधी रात उनकी मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंची तो कोहराम मच गया। दुर्गा प्रसाद के दो बेटे व एक बेटी है। गांव में एहतियातन पीएसी तैनात कर दी गई। परिजनों की तहरीर पर फतनपुर पुलिस ने 11 आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर दबिश दी लेकिन कोई हाथ नहीं आया। आरोपितों के घर महिलाएं, बुजुर्ग व बच्चों को छोड़कर सभी फरार हैं।

बेटी की बात मानते तो न जाती जान

गौरा दुर्गा प्रसाद दुबे जब सब्जी लाने केवराकला बाजार जा रहे थे तभी उनकी बेटी ने मना किया कि सब्जी घर में है। लेकिन वह नहीं माने और बाजार चले गए जहां उन पर हमला हो गया।दुर्गा प्रसाद दुबे के बेटे मुम्बई में रहते हैं। बेटों से मिलने के लिए दुर्गा प्रसाद को भी शनिवार को मुम्बई जाना था। दूरंतो एक्सप्रेस से उनका टिकट था। मुम्बई जाने के बाद घर की महिलाओं को सब्जी लाने के लिए बाजार न जाना पड़े इसलिए वह शुक्रवार शाम को सब्जी खरीदने बाजार जाने लगे। उनकी बेटी रूबी ने बाजार जाने से उनको मना करते हुए कहा कि घर में पर्याप्त मात्रा में सब्जी रखी है लेकिन वह नहीं माने। इलाके में चर्चा है कि दुर्गा प्रसाद की मौत उन्हें बाजार खींच ले गई थी।.

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट