
भिवंडी शहर महानगर पालिका में 90 से बढ़कर अब होगें 101 नगरसेवक 11नयें वार्डो पर राजनीतिक दलों की पैनी नजर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 28, 2021
- 764 views
भिवंडी।। भिवंडी शहर महानगर पालिका का चुनाव आगमी 2022 के अप्रैल व मई माह के बीच होने के आसार दिख रहे है। चुनाव को लेकर मनपा प्रशासन शासन के निर्देशानुसार वार्डों की संरचना और रूपरेखा की तैयारी शुरू है। शासन ने इस बार तीन सदस्यीय पैनल यानि तीन प्रत्याशियों के अनुसार चुनाव की तैयारियां शुरू करवाने के लिए निर्देश दिया है। जिसके कारण इस बार भिवंडी मनपा में 11 नगरसेवकों की संख्या बढ़ने के कारण काउंसिल में कुल 101 नगरसेवक हो जायेगी। तीन सदस्यीय पैनल में यानि एक प्रभाग में कुल 21 हजार मतदाता होगें जो तीन तीन नगरसेवक के भविष्य का चुनाव करेंगे। इन नयें 11 सीटों पर टाप टेन नगरसेवकों ने अपने वारिस व सगे संबंधियों को चुनाव में जीत दर्ज करवाने के लिए बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही कुछ ग्रामीण भागों के उद्योगपतियों व धनाढ्यो ने मनपा पर कब्जा करने के लिए कई वार्डों पर पैनी नजर बनाकर रखा हुआ है। जिसके लिए उनके द्वारा भारी धन की वर्षा की जा रही है।
07 लाख 13 हजार मतदाता करेंगे 101 जनप्रतिनियों का चुनाव :
वर्ष 2011 के जनगणना के अनुसार भिवंडी मनपा क्षेत्र अंर्तगत लगभग 07 लाख 13 हजार मतदाता है। यह संख्या लगभग बढ़ कर अभी 10 लाख होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। वही पर भिवंडी मनपा का चतुरसीमा 26 किलोमीटर दायरे में फैला हुआ है। जिसमें भारी संख्या में इमारतें व पावरलूम सेक्टर बसा हुआ है। वही पर शहर के किनारे बसे झोपड़ पट्टियों की संख्या में इजाफा हुआ है। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर का वर्तमान काउंसिल का चुनाव पिछले 2017 के अप्रेल माह के दूसरे सप्ताह में कुल 90 सीटों के लिए 04 सदस्यों के पैनल पद्धति से चुनाव हुआ था। जिसमें कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज कर बाजी मारते हुए 47 सीटों पर कब्जा किया और 05 जून 2017 को मनपा मुख्यालय पर कब्जा कर अपना महापौर बनाया। इस काउंसिल में विभिन्न पार्टियों के 05 मनोनीत नगरसेवक बनाऐ गये थे।
चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए तैयारियां शुरू :
आगामी वर्ष 2022 में महानगर पालिका चुनाव देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों व वर्तमान नगरसेवकों ने चुनावी संग्राम की तैयारियां शुरू कर दी है। वर्तमान नगरसेवकों द्वारा वोटरों को लुभाने के लिए अभी से ढाबों पर वोटरों को जायकेदार पकवान परोसना शुरू कर दिया है। इन ढाबों पर शाम ढलते ही रौनक बढ़ जाती है। पिछले चुनाव में 04 सदस्यीय पैनल के तहत 22 प्रभाग बनाऐ गयें थे। जिसमें 01 से 22 प्रभागों में 88 नगरसेवक और 23 वें प्रभाग में केवल 02 नगरसेवकों का समावेश था। आगामी महानगर पालिका चुनाव में 101 नगरसेवक होने की वजह से इस बार प्रभाग की संख्या 34 हो जायेगी। जिसमें 01 से 34 प्रभागों में 99 नगरसेवक व 34 वें प्रभाग में 02 नगरसेवक यानि कुल 101 नगरसेवकों होगें। सुत्रों की माने तो मनोनीत नगरसेवकों की संख्या 05 से बढ़कर 06 हो सकती है।
दल- बदल करने के फिराक में कई नगरसेवक :
आगमी वर्ष होने जा रहें चुनाव को देखते हुए कई नगरसेवक दल - बदल करने के फिराक में है। वही पर इस महासंग्राम में एम आई एम की एंट्री होने से सपा, कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस में सेंध लगाने के कयास लगाए जा रहे है। जानकारों का मानना है कि एम आई एम भी कई सीटों पर अपनी जीत दर्ज करवा सकती है। जिसके कारण कई जनप्रतिनिधि दल - बदल कर इस खेमें से एक बार फिर चुनाव जीतने की जुगत लगा रहे है ।वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के 47 नगरसेवक है जिसमें 18 नगरसेवकों ने खेमा बदली कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। किन्तु इसमें भी दो गुट निर्माण हो चुका है। पिछले मनपा चुमाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अपना खाता भी नहीं खोल सकी थी। इसके साथ ही सपा के दो नगरसेवक है। हालांकि राष्ट्रवादी कांग्रेस, समाजवादी, कांग्रेस पार्टियों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में भारी गुटबाजी दिखाई पड़ती है। जिसके कारण कई जनप्रतिनिधि एक दूसरे खेमे में जाने के लिए दूसरे पार्टियों में ताक - झाक करना शुरू कर दिया है।
11 नगरसेवकों के पद पर कई युवा चेहरे दावेदार :
आगामी महानगर पालिका चुनाव में 11 नगरसेवकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने परिवार के लोगों को नगरसेवक बनाने के लिए वार्डो की खोजबीन शुरू कर दी है। जिन जिन नगरसेवकों को चुनाव लड़ने के लिए वार्ड नहीं मिल रहा है। उन उन नगरसेवकों ने दूसरे के वार्डो की खरीद-फरोख्त करना शुरू कर दिया है। यही नहीं शहर के समीप गांवों में रहने वाले भी शहर में अपनी राजनीतिक करियर जमाने के लिए कई वार्डों में कुंडली मार कर बैठे हुए है और चुनाव जीतने के लिए अभी से धन वर्षा कर रहे है।इसमें टाप टेन नगरसेवकों के वारिसों का भी समावेश है।
रिपोर्टर