
बौद्धिक शक्ति कला और विज्ञान का एक सुंदर संयोजन -- उपायुक्त मुख्यालय दीपक पुजारी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 30, 2022
- 297 views
भिवंडी।। महाराष्ट्र सरकार की खेल नीति और भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका के प्रशासक एवं आयुक्त विजयकुमार म्हसाल के निर्देशानुसार कोंबडपाडा स्थित स्व.गाजेंगी हॉल में भिवंडी के छात्रों के लिए एक भव्य बुद्धिबल स्पर्धा का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन पालिका के उपायुक्त ( मुख्यालय) दीपक पुजारी के शुभ हस्ते संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बुद्धिबल दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले जाने वाला यह खेल पश्चिमी खेलों के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यह बौद्धिक शक्ति कला और विज्ञान का एक सुंदर संयोजन है। इसे खेलने से खिलाड़ियों का मानसिक और शारीरिक विकास अच्छा होता है। खिलाड़ी अपने-अपने शहर व देश का नेतृत्व करते है। इस तरह के खेलों में खिलाड़ियों का ध्यान लगाना जरूरी है और शहर व देश के खिलाड़ियों को मौका देने के लिए इस तरह के स्पर्धा आयोजित करना समय की मांग है। गौरतलब हो कि खेल और युवा सेवा निदेशालय महाराष्ट्र राज्य ने जिला खेल परिषद ठाणे के सहयोग से 14, 17 और 19 वर्ष के आयु वर्ग के छात्र, छात्राओं के लिए जिला स्तर पर महापालिका स्कूल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में शामिल सभी स्पर्धाधारकों को उपायुक्त ( खेल) तथा सहायक आयुक्त (जनसंपर्क) प्रणाली घोंगे ने मार्गदर्शन कर शुभकामनाएं दी। महानगर पालिका क्षेत्र के 41 स्कूलों और जूनियर कॉलेजों ने बुद्धिबल प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी दर्ज की है। इस स्पर्धा में 8500 से अधिक खिलाड़ी विद्यार्थियों ने भाग लिया है। इस स्पर्धा में आगे 84 खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा। जिलास्तरीय स्कूल के बुद्धिबल स्पर्धा में प्रत्येक आयु वर्ग के प्रथम पांच खिलाड़ी संभागीय प्रतियोगिता में महानगर पालिका का प्रतिनिधित्व करेंगे। क्रिडा अधिकारी शरद कलावंत ने बताया कि महानगर पालिका द्वारा विजयी टीम के खिलाड़ियों एवं व्यक्तियों को टी-शर्ट, ट्राफी एवं मेडल पुरस्कार स्वरूप दिया जायेगा। इस अवसर पर प्रभाग समिति एक के सहायक आयुक्त सुदाम जाधव उपस्थित भी मौजूद थे। कार्यक्रम का सूत्र संचालन सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुनील झलके ने किया था।
रिपोर्टर