
चार तड़ीपार बदमाश गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 14, 2023
- 356 views
भिवंडी।। शहर सहित आसपास के शहरों की विभिन्न आपराधिक घटनाओं में लिप्त होने के कारण भिवंडी पुलिस उपायुक्त द्वारा ऐसे बदमाशों को चिन्हित कर तड़ीपार कर दिया गया था। शहर में नवरात्रि उत्सव को देखते हुए कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए जगह जगह पुलिस बल तैनात है तथा अपने अपने क्षेत्रों में पुलिस ने गस्त बढ़ा दी है। इसी दरमियान पुलिस ने अलग अलग क्षेत्रों से तड़ीपार किये गये चार बदमाशों को हिरासत में लिया है। जो मुद्दत पूर्व होने के पहले पुलिस की इजाज़त बिना आकर रह रहे थे। नारपोली पुलिस की टीम ने शिवाजी नगर अंजूरफाटा के रहने वाले अनिल किशन पवार (32) को 14 सितंबर 2023 को ठाणे जिला, ठाणे शहर नवीं मुंबई, मुंबई तथा पालघर जिले से 2 वर्ष के लिए तड़ीपार किया था। किन्तु वह किसी प्रकार से पुलिस की अनुमति बिना भिवंडी आया और नारपोली तालाब के पास दिखाई पड़ा। पुलिस ने रात्रि सवा दस बजे के दरमियान उसे हिरासत में ले लिया है। शांतिनगर पुलिस ने नागांव के रहने वाले इमरान इस्माइल शेख (30) को 28 मई 2022 को 18 महीने के लिए तड़ीपार किया था। किन्तु वह भी पुलिस की अनुमति बिना ही शहर में घूमते हुए दिखाई पड़ा। पुलिस ने किदवाई नगर से उसे हिरासत में ले लिया है। भोईरवाडा पुलिस ने तड़ीपार आरोपी मोहम्मद इरफान इलियास अंसारी (45) को देव नगर से और सईम सलीम कुवारी (23) को हंडी कंपाउंड से हिरासत में लिया है। जिन्हें पूर्व में तड़ीपार किया गया था। किन्तु पुलिस अधिकारियों की अनुमति बिना ही शहर में प्रवेश किये। जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम कायदा कलम 142 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्टर